शनिवार, 25 अगस्त 2012

20-06-2012


[ gon -zo ]

हाइकु=
* तन से सब
मन से कुछ नहीं
मानता हूँ मैं |

* न गर्मी ठीक
कोई मौसम नहीं
न जाड़ा ठीक |

* विशालता से
कम कुछ भी  नहीं
चाहिए मुझे |

कविता =

* हाँ यार ,
लिखना तो चाहिए ऐसा
की दुनिया हिल जाए
पूँजीवाद धूल में मिल जाए
सरकारें धराशायी हो जाएँ
जनवाद का बोलबाला ,
साम्राज्य स्थापित हो जाए |
हाँ यार '
लिखता तो हूँ ऐसा
की कोई पुरस्कार मिल जाए |    kwt
##

टीप = डी एन ए टेस्ट
* एक उदाहरण याद है अभिनेत्री नीना गुप्ता का | उन्होंने स्वयं अपनी मर्जी से संतान - प्राप्ति की , और पुरुष का नाम नहीं बताया | उनके अनुसार यह पर्याप्त था कि वह उसकी माँ है , उसने अपनी ज़िम्मेदारी पर बच्चा पैदा किया है , इसमें किसी पुरुष - बाप के नाम की ज़रुरत क्या है ? वह ही माँ -बाप हैं | यह अतीव साहस का काम था |
दूसरा उदाहरण पौराणिक है | बिना बाप के नाम के पुत्र सत्यकाम और उसकी माँ का | लोक - उलाहनों से प्रेरित सत्यकाम ने अपनी माँ से पूछा - माँ , मेरे पिता कौन हैं ? साहसी और सत्यवादी  माता ने दृढ़तापूर्वक  कहा - " बेटे मैं कई ऋषियों की सेवा में रही , तू किसका पुत्र है , मैं बता नहीं सकती ?" यही बालक सत्यकाम सत्यवाद का महान नायक बना , और पुराण पुरुष | प्राच्य विज्ञानं का गुण गाने वाले भले कहते रहें कि उस ज़माने में पुष्पक विमान था , यह था -वह था , लेकिन निश्चय ही उस काल - अवधि तक डी एन ए टेस्ट की जानकारी विज्ञानं को नहीं थी | और यह भी कि हर औरत नीना गुप्ता और सत्यकाम की माँ नहीं हो सकती |     kwt
--------------------------------

[ हाइकु ]
१ - पर्याप्त होता
औरत का होना ही
किसी घर में |

२ - बच्चे रहते 
घर भरा रहता
आनंद पूर्ण |

३ - बिलावजह
नींद हराम किया
उनके पीछे |

४ - होना चाहिए
ईश्वर है नहीं तो
नया बनाओ |

५ - मुझे क्या पता
प्रेम किसे कहते
करना जानूँ |

६ - नाम कमाना
क़ुरबानी माँगता
हलवा नहीं |

७ - कोई न कोई
पावरफुल होगा
वह कोई हो |

८ - कोई आदमी
अपनी बराबरी    
नहीं चाहता |

९ - चिंतन कर्म
बिल्कुल आसान है
शुरू तो करो |

१० - मैं मूरख था
मैं मूरख रहूँगा
मैं मूरख हूँ |

११ - मिलता भी तो
कब तक मिलते
जीवन छोटा |

12 - ठीक से देखो
नज़र नीची करो
ज़मीन देखो |

13 - कुछ चीज़ें तो
बदलनी चाहिए
मसलन क्या ?
हमारी सोच
जन - मानसिकता
बदलेगी क्या ?
----------------------------

[ कथनानुसार ]
१ - बीस रुपया रोज़ पाने वाले गरीब विधायक -सांसद बनें यह तो संभव नहीं है , लेकिन मेरी आकांछा आकांक्षा है कि सांसद - विधायक बीस रुपया रोज़  वेतन लें |
२ - अजीब बात है कि असली 'व्यक्ति' का उदय तब होता है जब उसका नकली ' व्यक्ति ' तिरोहित हो जाता है |
३ - यदि हिंदुस्तान को तरक्की तो क्या , जिंदा भी रहना होगा तो उसे यह भूलना होगा कि कोई व्यक्ति मात्र पैदा होने से छोटा या बड़ा होता है |
४ - किसी के कहने से नहीं , जब मेरी नानी मरीं , तब मुझे विशवास हो गया हम सबको , सारे मनुष्यों को मरना होगा |
५ - बूढ़ों को भी अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए |
६ - ' आम आदमी ' वह है जिसे अपने आम ज़रुरत के कार्यों के लिए नौकर , मजदूर न लगाना पड़े |
७ - ईश्वर को अपने सिस्टम से delete  मत करो तो उसे recycle bin में तो डाल ही दो |
८ - मैं स्वर्ग को न तो जानता हूँ न मानता हूँ , लेकिन यदि कहीं स्वर्ग हुआ और उसमे मुझे जाना ही पड़ा , तो चला जाऊँगा |
९ - ईश्वर को छोड़ अपने ' आदमी ' की शरण में आइये |
१० - बड़ी ज़िम्मेदारियाँ उतनी ही बड़ी नैतिक ऊँचाइयों के साथ निभाई जानी चाहिए |
११ - जो अपने आपको बहुत बुद्धिमान समझते हैं , वे सबसे अधिक मूर्ख होते हैं |
१२ -  The world is made up of ‘differences’ . Once you forget it , you will  be in a candid tension .  kwt
-------------------------

मौत की तो सिर्फ बात करता हूँ ,
वरना मैं जनता हूँ - ज़िन्दगी  हूँ |
--------------------------------

अभी समय है , हिंदुस्तान - पाकिस्तान एक करो , चाहें जरदारी को भारत का राष्ट्रपति बना दो | दोनों देशो की समस्याएँ , परेशानियाँ एक हैं अंदरूनी भी , बाहरी  भी | कहने दीजिये किसी को , जब बिल्कुल ठीक से बँटवारा नहीं हुआ , हो ही नहीं सकता था , कि सारे हिन्दू हिंदुस्तान  में - सारे मुस्लिम पाकिस्तान में , तो फिर यह माना जाना चाहिए कि दोनों का रहन सहन , संस्कृति एक ही है | और जो नहीं है तो भी वे अपनी अपनी मान्यताओं के साथ एक साथ सदियों से रहते आये हैं | इन्हें एक साथ रहने का पूरा अनुभव - अभ्यास है | यह काम जितना जल्दी हो जाय उतना अच्छा | भारतीय मानस इस बँटवारे को स्वीकार नहीं कर पाया है , न कभी इसे पचा पायेगा | यदि ऐसा न हुआ तो पाकिस्तान में हिन्दुओं की दशा अच्छी नहीं होगी , है भी नहीं | उसी प्रकार भारत में मुसलमान भी ढंग से नहीं रहने पायेंगे , चाहें सच्चर कमेटी लागू कर लीजिये चाहें आठ प्रतिशत आरक्षण | कैसे भूल जायेगा हिंदुस्तान जिन्ना की बात कि हम अलग हैं और एक साथ नहीं रह सकते , और इसे पाकिस्तान ने अपने यहाँ हिन्दुओं के साथ वही व्यवहार करके दिखा भी दिया ? यदि जिन्ना की बात गलत करनी है ,अल्लामा इकबाल का कौमी तराना यदि सही ठहराना हो , तो फिर एक होकर दिखाओ | अब इससे कोई लाभ नहीं कि बँटवारे में जिन्ना - -इकबाल का दोष ज्यादा था या गाँधी - नेहरु का | एक होने पर सारा मलाल मिट जायेगा | यह तो तय है कि  जनता का तो कोई दोष नहीं था ? उसने बहुत सह ली बँटवारे की त्रासदी | अब वह एक होना चाहती है | ऐसी राजनीतिक इच्छा [Political Will ] जिसके पास हो वह अब अगले चुनाव में उतरे | शेष तो लफ्फाजी बहुत हो चुकी |    kwt
-----------------

अन्ना को डाक्टर ने बताया है कि कुछ बोलना ज़रूर है | प्रणव के बारे में नहीं पता था तो भी बोलना , बयान -समर्थन देना ज़रूरी था | अब जब प्रणव के बारे में साथियों से कुछ पता चल गया तब तो बोलना , समर्थन का खंडन करना ज़रूरी ही है | इसी तरह पत्रकारिता ने भी यह ठान लिया है कि अन्ना के बयानात वह छापेगी , उछालेगी ही चाहें वह जैसी हो | मेरा मूल प्रश्न है प्रेस अन्ना को इतना महत्त्व क्यों दे रहा है ? उनकी हैसियत क्या है ? और इसी प्रकार रामदेव की भी ? क्या इसलिए कि ये लोग साधु संत जैसे दिखते लोग हैं ?
---------------------

लोग कहते हैं कि सभासदों , पार्षदों , मेयरों के पास अधिकार नहीं हैं | उधर समाचार है कि ये लोग चुनाव जीतकर ज़मीनें हथियाते हैं | भैया जी लिखते है कि अब ठेकेदार नगर निगम के चुनाव में आ रहे हैं | तो इतने कम या कुछ नहीं अधिकार  पर जब यह हाल है , यदि इनके पास खूब अधिकार होता तो ये क्या करते ? 20/6/12 kwt

23-06-2012


[ उद्गार - कविता ]
* कुछ पाना तो है 
कुछ पाने की इच्छा तो है ,
लेकिन किसी के मुँह से 
निवाला छीन कर नहीं |
-----------

राजनीति का मतलब = चुनाव का चक्कर और चकचक | इसी में न पड़ने के कारण अन्ना अपने आन्दोलन को अराजनीतिक बताते हैं | दूसरी ओर एक मैं हूँ जो संपादक के नाम एक पत्र लिख कर भी ताल ठोंक कर कहता हूँ कि मैं 'राजनीति' कर रहा हूँ | 
----------

उफ़ ! आये दिन के ये चुनाव | आज नगर निगम का चुनाव है , कल विधान सभा का चुनाव था , परसों लोक सभा का चुनाव होगा | कितने चुनावों में हम अपना अमूल्य वोट का अपव्यय करें ? एक देश , एक राष्ट्र , एक राष्ट्रपति का चुनाव हो जाता तो ----- [ जैसा कि लोग कह रहे हैं कि एक देश एक पढ़ाई , एक परीक्षा --]   23/6/12
-----------------------

Be it known to all 
यह सर्वविदित हो कि देश में कुछ लोग ऐसे पैदा हो चुके हैं जो गेरुआ वस्त्र देखकर ही भड़क जाते हैं |
-----------------------------
* मैं ब्राह्मणवाद पर अनायास ही सोचने लगा जब कि मैं ब्राह्मण नहीं संभवतः शूद्र की श्रेणी में आता हूँ | फिर जब जन्मना श्रेष्टता न्यूनता नहीं मानता तो नहीं मानता | यह जिद है हमारी | भले  संस्कारगत या पालन पोषण , शिक्षा दीक्षा में विविधता के कारण अंतर , अथवा यूँ हर व्यक्ति की पृथक इयत्ता और प्राकृतिक विशिष्टता को स्वीकार करता हूँ | लेकिन यह भी मानने में हमें परेशानी है कि मुसलमान - दलित -ब्राह्मण के बारे में सोचने से पहले स्वयं  मुसलमान - दलित -ब्राह्मण हो लिया जाय | यह तो लोकतान्त्रिक विचारशीलता के ही विपरीत हो जायगा | तो अब सोचना है कि  ब्राह्मण को पूज्य मानने का क्या कारण हो सकता है ? एक तो यह समझ में आता है कि उसने अपने जिम्मे केवल पढ़ने- पढ़ाने का काम रखा , और ऐसे लोग स्वभावतः परजीवी होते ही हैं | जैसे आज भी विद्यालयों - विश्व विद्यालयों के अध्यापक , कवि -कलाकार क्या करते हैं ? दूसरे यह कि वह कभी राजा नहीं नहीं बना | परोक्षतः उसने अपने ज्ञान -विज्ञान से राज्य शासन को प्रभावित , किंवा संचालित भले किया , पर राजा तो क्षत्रिय ही रहा | चाणक्य का उदाहरण ज्वलंत है | तीसरे उसने कभी धन नहीं बटोरा | पुरानी किसी भी कहानी में धनी बाभन का उल्लेख नहीं मिलता | धनाढ्य सेठ वणिक-बनिया ही होता है पर " किसी गाँव में एक गरीब ब्राह्मण " ही रहता मिलेगा | प्रहार कटु हो जायगा यदि कोई कह दे कि वह दलित का पैर छूने को तैयार है यदि दलित यह घोषणा कर दे कि " दलितों का धन केवल भिक्षा " | यह मामूली बात नहीं थी कि उसने अपने लिए भिक्षावृत्ति सुनिश्चित की , न उसने एन जी ओ बनाकर या संतई का ट्रस्ट बनाकर करोडो की संपत्ति जमा की | उस ब्राह्मण की आज के ब्राह्मण से तुलना अनावश्यक है | अब ब्राह्मण भी मुख्य धारा में आ गए हैं , और तबसे धनी- मानी बनने लगे हैं जबसे सर्वजन प्रयोग करके उन्हें सत्ता , शासन और राज्य में सीधे बिठाया गया | निस्संदेह सामान्य ब्राह्मण अब भी कुछ सनातन संस्कार के वशीभूत अपने को थोड़ा अनुचित गुमान में रखता है , पर यह एक सामान्य मानुषिक दोष है जिसका परिमार्जन समय के साथ होना ही है | उसे तो मिटना ही है और सामान्य नागरिकता की श्रेणी में आना ही है | लेकिन यदि कोई वर्ग या समुदाय अपनी श्रेष्ठता की सीढ़ी विशेष तौर पर  बुलंद करना चाहता है तो क्या उसके लिए उचित न होगा वह  इसका सूक्ष्म अध्ययन और अनुकरण करे कि आखिर गरीब , दीन- हीन ब्राह्मण किस तरह  , एक- दो , दस -बीस साल नहीं सदियों तक समाज का सिरमौर बना रहा ? उससे कुछ सीखें तो आप भी वैसा बन सकते हैं , आप भी अब वेद पढ़ सकते हैं कोई नया मनुस्मृति गढ़ सकते हैं [ गढ़ा ही है संविधान ] | आप विशिष्ट ब्राह्मण नहीं बनना कहते तो आप भी सामान्य नागरिकता के पायदान पर आइये , सबको समान समझिये | वर्ना ब्राह्मण और आधुनिक लोक -मानव के बीच क्या अंतर रह जायगा ? इस लक्ष्य के लिए अब केवल उसे गाली देने या चिढ़ाने से तो कुछ हासिल होने वाला नहीं | मायावती जी ने उसका साथ लेकर शासन करना सत्य    सिद्ध कर ही दिया , और आश्चर्य क्या कि महान आंबेडकर ने अपने आह्वान में ' शिक्षित बनो ' को सर्वोच्च स्थान दिया ?
अंत में एक महाप्रश्न अपने आप से है - " यदि ब्राह्मण हमको अपने बराबर नहीं समझता था , तो क्या हम ब्राह्मण को अपने बराबर समझते हैं ? "
-----------------------
एक  साहित्यिक बदमाशी जैसा कुछ सूझ रहा है | मैं ब्राह्मणों की उपमा मुग़ल बादशाह औरंगजेब से देना चाहता हूँ | औरंगजेब भी टोपियाँ सिलकर और कुरान का हस्तलेख करके अपनी आजीविका चलाता था , पर अपने शासन में बहुत कठोर था | उसी प्रकार ब्राह्मण भी अपने लिए धन केवल भिक्षा रखता था , पर सामाजिक नियमों में बहुत कठोर था  | वैसे भी यह इसके बारे में प्रसिद्ध है कि हिन्दू दूसरों के लिए दयावान पर अपने लोगों , मसलन दलितों के प्रति बहुत निर्मम है |  
-------------------------------
*यदि हिंदुस्तान -पाकिस्तान को एक करने की बात न करें तो क्या हिंदुस्तान में सिर्फ मंडल - कमंडल , अगड़े - पिछड़े , दलित -ब्राह्मण , भाजपा - कांग्रेस की ही राजनीति चलेगी ? इससे देश कहाँ जायगा ? यह तो ' दूसरी -तीसरी गुलामी " की ओर जाने जैसी बात होगी , यदि हम केवल अपने देश में नई - नई समस्याएँ जन्म देकर उसमे उलझते रहे और अपने आगे -पीछे , दायें -बाएँ , ऊपर -नीचे , अडोस - पड़ोस कुछ दीन -दुनिया की ओर नहीं देखेंगे ? आखिर देश भी कोई चीज़ है या नहीं ? देश रहेगा तभी आरक्षण - संरक्षण , आर्टी-पार्टी रहेगी | जिन्ना गलत थे तो भी उनके पीछे खड़े होकर तमाम मुसलमान विभाजन के पक्ष में डायरेक्ट एक्सन तक पर उतारू हो गए और जिन्ना के सिद्धांत को व्यवहृत करके पाकिस्तान बनाया | अब , जब हम उसी जिन्ना को आधार बनाकर भारत में नॉन -इस्लामिक स्टेट चाहते हैं तो हिन्दू बगलें झाँकने लगता है क्योंकि उसे नपुंसक न भी कहें तो नैतिक रूप से नासमझ और कमज़ोर तो कहा ही जायगा | और हम जानते हैं कि अंदरूनी विभाजन उसका कारण है, और वह सच है  | लेकिन आश्चर्य है कि वह और किसी न किसी प्रकार का  विभाजन हर धर्म में है पर उसका रोना वे हर समय नहीं गाया करते | मौक़ा पड़ने पर वे एक हो जाते हैं | और यह ध्यान देने और याद रखने वाली बात है कि भारत हिन्दू है तभी उसमे आरक्षण है | और यह उन वर्गों तक पहुँचने जा रहा  है जो हमेशा शासक वर्ग रहा है | यदि यह हिन्दू नहीं रहा तो यह सब कुछ नहीं रहेगा | क्या पाकिस्तान -अरब -ईरान -ईराक में आरक्षण है , इसका पता लगाना पड़ेगा | अलबत्ता यहाँ  आज दलित  - मुस्लिम एकता की मुहिम और राजनीति भारत राज्य पर फिर से  कब्ज़ा करने के तहत चलायी जा रही रणनीति है | जब कि ज़मीन का थोड़ा सा भी अनुभव रखने वाला जन यह यथार्थ जानता है कि शहर का उच्च वर्ग छोड़ दीजिये , गाँव का गरीब मुसलमान भी हमारे दलितों के प्रति वही  हेयभाव रखता है , जैसा कि ब्राह्मणों के दिलों में होता बताया जाता है , या मान लें कि होता है | फिर भी यह कोई कैसे भूल जाता है  कि भारत के सभी वर्ण किसी भी तरह एक साथ रहते तो आये थे , और उसमे बाह्य जातियाँ - मुस्लिम -ईसाई- पारसी भी शामिल होते रहे | लेकिन मुसलमान आज़ादी की भनक मिलते ही भारत से छटक कर अलग हो गाया  जहाँ उसे इस्लामी संप्रभुता मिलनी थी ? नहीं रह सके वह अपनी हनक , अपनी अलग संस्कृति और सत्ता के बगैर लोकतान्त्रिक भारत में | ठीक है उस समय नेहरु का दबदबा था , पर गुंजाइश तो थी लोकतंत्र में उनके शासन के बारी की या उसमें हिस्सेदारी की , जिसे उन्होंने गवाँ दिया | # 23/6/2012   kwt

26-06-2012


मुझे लगता है कि मेरे शरीर को कुछ होने वाला है | बहुत दिनों से मित्रों से कह रहा हूँ कि मेरी obituary [शोक सन्देश] लिख डालो | बहुत ' प्रिय ' संपादन किया है तो उसका भी प्रूफ देख दूँ , कोई व्याकरणीय चूक सुधार दूँ , कहीं कोई गलती न रह जाय | भाषा-शैली का पूर्व-रसास्वादन कर लूँ |  | और इस बहाने आश्वस्त भी हो लूँ कि हाँ मेरे लिए भी शोकसभा संभावित है , जैसा कि मैं तमाम शोक सभाओं में मैं भी तो जाता रहता हूँ | पर कोई लिखता ही नहीं, जब कि लिखना सब जानते हैं |अच्छे भले बड़े कवि- लेखक -पत्रकार हैं | अब इसके लिए कोई ज़बरदस्ती तो की नहीं जा सकती, वरना ये लिख देंगे कि वह [मैं] बहुत अशिष्ट - निकृष्ट आदमी था | इसलिए मेरा ऐसे ही सूखे-सूखे  चला जाना मेरे लिए श्रेय होगा | तथापि  सोचता हूँ कि स्वयं ही इस सम्बन्ध में कुछ कवितायेँ प्रस्तुत कर दूँ और संतुष्ट हो लूँ !
* एक सही
  वर्तनी हो तुम ,
  प्रूफ की
  तमाम गलतियाँ हूँ मैं |

* अभी कितनी घृणा कर लो मुझसे
  छीन ही लूँगा मैं तुमसे
  दो मिनट का मौन
  अपनी मृत्यु के पश्चात् |

* मैं मरूँगा नहीं
  मैं अपनी माँ के पास जाउँगा
  पीछे से चुपचाप उसका
  आँचल पकड़ लूँगा ,
  वह चौंक कर  देखेगी
  और मुझे अपने गले लगा लेगी |

* नागरिक
  कुछ कह गया
  कुछ कर गया ,
  एक अच्छा आदमी था
  मर गया |

* अब वासांसि जीर्णानि
  तो मैं लिखने से रहा ,
   मेरे जीर्ण वस्त्र होंगे
  मेरे मित्र ,
   शीर्ण होंगे मुझे
  पढ़ने वाले |
-----------------

फेसबुक पर लोग हा --हा --हा --हा लिखा करते हैं | मैं नागरी वर्णमाला के अनुसार 'ह' अक्षर की बारहखड़ी ही लिखे दे रहा हूँ =
ह - हा - हि - ही - हु - हू - हे -है - हो - हौ - हं - हः   |
-------------------

[ विचारार्थ ]
१ - मैं आश्चर्यचकित हूँ कि ये इमारतें { धर्म और ईश्वर की } , ये पिरामिड आखिर टिके कैसे हुए हैं ? जब कि इनके आधार केवल रेत और बालू है , और कहीं -कहीं तो वः भी नहीं है |

२ - मेरा ख्याल है सचमुच आदमी [ पुरुष ] को घोंघा हो जाना चाहिए | अपने सारे अंग उसे सिकोड़ लेने चाहिए | उधर हम घोंघावसंत होने की वकालत पहले ही कर चुके हैं | औरतों की सारी सफलता का राज़ यही है |

३ - सरकार टैक्स लगती है और वह सारा पैसा उसके कर्मचारी खींच ले जाते हैं |

४ - ह्रदय को तो नज़रअंदाज़ कर भी सकता हूँ , पर मैं अपनी बुद्धि के आदेश को टाल नहीं सकता |

५ - मेरा ख्याल है , उनकी सामाजिक स्थिति को देखते हुए मुसलमानों को भारत में सवर्णों की श्रेणी में रखा जाना चाहिए , और उन्हें सवर्णों के समान सेवाएं और सुविधाएँ दी जानी चाहिए |

६ - कुछ याद किया जाना चाहिए हिन्दू दलितों ने कितनी मनुस्मृतियाँ जलायीं , ब्राह्मणों को - बाबा तुलसीदास, राम चरित मानस , देवी -देवताओं को कितनी गालियाँ दीं ? तब  जाकर  अब कहीं उन्हें थोडा आरक्षण  मिल  पाया | यहाँ तक कि उन्होंने  हिन्दू धर्म त्यागने  की भी धमकी  दी और छोड़ा  भी | दूसरी तरफ  मुस्लिम भाई  कभी  इस्लाम  के विरोध में नहीं गए , कभी  किंचित  भी आलोचना , उसकी शिकायत नहीं की | वे बड़े  गर्व से मुस्लिम बने रहे और कुरआन अथवा मोहम्मद साहेब की प्रतिष्ठा  पर कोई आँच आती दिखी तो उन्होंने सड़कों  पर निकलकर हंगामा भी किया | गरीब भले  हों  पर ब्राह्मणों की भाँति उन्हें भी गुमान है कि वे हज़ार वर्ष हिंदुस्तान के शासक रहे | फिर उन्हें आरक्षण  क्यों ? सवाल यह भी है कि इतने  कथित समतावादी धर्म में होकर और साथी मुसलमानों के पास इतने धन -दौलत एवं ज़कात की व्यवस्था होते हुए वे गरीब कैसे रह गए ? दलित प्रथा  हिन्दुओं की बुराई और समस्या है | सवर्ण समाज अपने पुरखों के पापों  की भरपाई अपने दलित वर्ग को तो आरक्षण देकर कर सकता है , पर उसने मुसलमानों पर तो कोई जुल्म नहीं धाय ! बल्कि वह तो उनके  अधीन रिआया ही रहा ? फिर वह उन्हें आरक्षण को समर्थन क्यों दे ? आज़ादी का नाजायज़ फायदा  तो मत उठाओ  भाई !

७ - मैं पाता हूँ कि ब्राह्मणवाद एक शाश्वत व्यवस्था है | इसे किसी ने नहीं बनाया | यह अपने आप स्वाभाविक और प्राकृतिक रूप से बनती गयी , जिसका टूटना दूर - दूर तक कहीं संभव नहीं दिखता | क्योंकि यह " भेद " पर आधारित है जो कि वैज्ञानिक विधि है और मानव स्वाभाव के सर्न्था अनुकूल | तब दुसरे चातुर्वर्ण थे , अब चतुर्थ श्रेणी तक के कर्म्चाहरी हैं | पहले पंडित जी ब्राह्मण थे , अब ब्राह्मण होंगी | पाला भले बदल जाय पर व्यवस्था नहीं | अभी देखिये , कोई कवी चार पंक्ति का एक मुक्तक लिख लेता है वह अपने आप को कालिदास से कम नहीं समझता | किसी ने एक मुक्त कविता कर ली तो उसे आप मुक्तिबोध से कम समझने की गुस्ताखी नहीं कर सकते ! यही ब्राह्मणवाद है , श्रेष्ठता के दंभ का दर्शन | और यह मानव स्वभाव का स्थायी भाव है | इसलिए ब्राह्मणवाद को गाली देने में समय न गवाँकर इसका कोई सार्थक उपयोग करने की बात सोची जानी चाहिए |     26/6/12
-----------

धार्मिक भावना रखने वालो , सावधान !
अब एक उजड्ड जनता आने वाली  है |
-------------

जिसको आना था
जब वही नहीं आया ,
तब कोई भी आये |
---------------------

[ संवाद ]
- यह बताइए सेठ जी , इन लोगों की इतनी दुर्दशा क्यों है ?
= इनके भाग्य ही ऐसे हैं |
- तो यह समझ लीजिये  कि अब आपका भाग्य वैसा ही होने वाला है |
--------------------------------------
[ उपन्यास अंश ]
वे क्लास - कास्ट कुछ नहीं मानते | वे रेल में जनरल से लेकर स्लीपर , एसी-१, एसी-२ , एसी-३ किसी भी तरह के डिब्बे में निःसंकोच घुस जाते हैं और निर्द्वंद्व यात्रा करते हैं |
-------------------------

[ विचारणीय ]
 १ - राजनीति तुलनात्मक प्रतियोगिता का खेल है - समय सापेक्ष | इसमें निरपेक्ष और शाश्वत कुछ नहीं |

२ - हालत यह हो गयी है कि अब तो धर्म के बगैर धर्मनिरपेक्ष [ secular ] भी नहीं हुआ जा सकता !

३ - ठीक बात है , जिसको राज्य करना हो वह मांस - मछली खाए , बन्दूक चलाये , हिंसा करे | हम तो चींटी भी नहीं मारते |

४ - जिसकी तरक्की रोकनी हो ,आगे न बढ़ने देना हो , उसे राष्ट्रीयता का वास्ता देकर उकसा दो कि वह मात्र अपनी मातृभाषा में पढ़े और अंग्रेज़ी से नफ़रत करे |

५ - सच तो ज़रूर बोलते हैं हम , बीएस उन कुछ स्थितियों को छोड़कर जहाँ हमें अपनी कमजोरी या मजबूरी स्वीकार करनी होती है |

६ - अल्लाह सिर्फ ईश्वर का नाम नहीं , किसी उच्चतम जीवन लक्ष्य और सम्बल-आश्रय का भी तो नाम है !

७ - एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी - कर्मचारी का मुकाबला बड़े से बड़ा नेता, साधु संत भी नहीं कर सकता |

८ - अंग्रेज़ी राज्य इससे बेहतर था , यह कहना ठीक नहीं है | बल्कि गुलामी की दशा में यह देश स्वयं ही ठीक रहता है , ऐसा कहना ज्यादा सही है |   26/6/12
---------------------------

गुलामी कुछ भी नहीं है , यह तो human protocol का एक हिस्सा है | क्या VIP
अपने मन से कुछ भी  खा -पी सकते हैं , बिना सुरक्षा की अनुमति के , कहीं भी आ - जा सकते हैं ? उसी प्रकार गुलाम का जीवन भी कुछ -कुछ प्रतिबंधित होता है | वरना वे होते तो VVIP  हैं |
---------------------------

१ - खूब लगाता
मन नहीं लगता
लेकिन यहाँ |

२ - ख़ैर मनायेगी
कब तक बकरी
बकरे की माँ ?

३ - साथ निभाया
जहाँ तक हो सका
नहीं तो नहीं |

४ - पछ्ताऊँगा
पछताना तो मुझे
होगा ही होगा
हर हाल में
मैं जीतूँ या हारूँ
इस जंग में |

५ - बुरा लगता
औरतों का सजना
भला क्यों मुझे ?

६ - इतना बड़ा
कठोर कालखण्ड
बड़ा सताता |

७ - क्या - क्या होता है
यवनिका के पृष्ठ ( पीछे )
तुम क्या जानो ?

८ - गेहूँ के साथ
घुन भी पिस गया
यही समझो |


9- लिखता जाता
कहाँ ख़त्म हो पाता
तुम्हारा किस्सा !

10- नाराज़ किया
खुश भी किया होगा
मेरे लेखों ने !
---------------------
 
  जब मेरी अम्मा ने अपना जीवन काट दिया , और मरी तो अपने मन से | जब कि तब न तो ढंग से जलौनी ईंधन था , न गेहूं पीसने - धान कूटने की मशीन | तब तो प्रेशर कुकर भी नहीं था | नहीं था बर्तन माँजने के लिए विम साबुन , न हरे रंग का मंजना | अब तो यह सब साधन -सुविधाएँ मौजूद हैं | फिर मेरी पत्नी , लडकी , बहू इतनी झिकझिक क्यों करती हैं |
----------------

मेरा सच्चा जीवन साथी - एक छोटा सा प्रेशर कुकर |
-----------------

* कुछ नए वाद मेरे मस्तिष्क में हैं | क्या उनके आधार पर कोई राजनीति या दर्शन की शाखा चलायी जा सकती है ? जैसे - धन्यवाद , अपवाद , बकवाद , संवाद , जव्वाद , और एक है मवाद |
-----------------

जिसे कुछ न्याय की आशा हो वह अपील करे ;
मैं तो कातिल के भरोसे हूँ , अब वह जो भी करे |26/6/12

बुधवार, 8 अगस्त 2012

Day Book - 8 Aug. 2012

* यदि हम एक पार्टी होते तो क्या करते, क्या अजेंडा होता हमारा, आधारभूत घोषणापत्र ? और हाँ, आप उसका नाम क्या रखते ? इसी सब पर राय प्राप्त करने की पत्रकारिता का नाम है यह ग्रुप - " प्रिय सम्पादक " | 
* मुनाफावादी समाज | समाज आदमियों से निर्मित होता है | और आदमी मूलतः मुनाफा वादी होता है | इसलिए न दलितों की गलती है न ब्राह्मण वादियों की | आज सवर्ण चिल्ला रहे हैं , लेकिन अभी यदि उनके लाभ की कोई योजना लागू हो जाय तो वे भी बल्ले बल्ले हो जायँगे | क्या हुआ नहीं ? वी पी सिंह ने पिछड़ी जातियों के लिए मंडल क्या लागू कर दिया कि वह आज पिछड़ों के महाप्रभु बने हुए हैं | देखिये किस प्रकार उनका गुणगान उनकी पूजा हो रही है | मानो वी पी सिंह कभी सवर्ण रहे ही न हों | वह एकायक पिछड़ों के आयकन बन गए , भले उनके सह - सवर्ण खूब गालियाँ पा रहे हैं | कोई रूककर तनिक सोचने को तैयार ही नहीं कि राजा मांडा भी ठाकुर ही थे , तो उनके सजातियों  का इतना तो अपमान न किया जाय ! यह तो तब है जब कि पिछड़ी जातियाँ [ कुर्मी यादव ] न कुछ कम ब्राह्मण हैं मांस मछली शराब छोड़ने में , और न ही इनके पास संपत्ति की आम तौर पर कमी है , अच्छे खासे ज़मींदार है ये | इसी प्रकार यदि अभी जाति विहीनों के लिए यदि कोई मलाई - योजना चलाई जाय , तो क्या सवर्ण क्या दलित सभी उसकी लालच में अपना कुल गोत्र , जाति वाति, बिस्तर विस्तर, चद्दर वद्दर , तकिया वकिया सब छोड़ कर भारत के सामान्य ' नागरिक ' बन जायँ | सब स्वार्थ , लाभ और मुनाफे की बात है | आरक्षण का थोड़ा सहारा न हो तो भला कौन इज्ज़तदार लोग अपने को दलित कहना - कहलाना पसंद करें , और समाज की अवमानना अवहेलना और झिड़की खाएँ ?      

* कबिरा खड़ा बाजार में लिए लुकाठी हाथ , 
जो घर जारे आपनो चले हमारो साथ |
इसलिए मैं तो पार्टी ऐसी ही चाहूँगा जिसमें ऐसे घर जारू लोग हों - सम्पूर्ण  निजी स्वार्थ विहीन | मैं अपनी संस्था का नाम " लुकाठी " रखना चाहूँगा | 

* [ आत्मालाप ]
     १ -  मैं झूठ बोलता ही नहीं | लिखने में वर्तनी की त्रुटि हो जाय तो उसका ज़िम्मेदार नहीं |
     २ - इधर मैंने एक बात सुनी है | सुनी क्या , अनुमान लगाया है कि जो कुछ करता है पुरुष करता है  , बलात्कार तो बलात्कार , सम्भोग भी | औरतें तो मिट्टी का लोंदा होती हैं | उन्हें कुछ भी आनन्द नहीं आता |  

[कविता ?]
* कोई आग 
नहीं देखता 
मैं लोगों में 
मैं आग बबूला |
#

* तुम माओ वादी 
तो सरकार मोबाइल वादी ,
अब क्या करोगे ,
अब तो तुम्हें 
आदर ही करना पड़ेगा 
सरकार का जैसे  
करते हो नारियों का !
एक नहीं दो दो मात्राएँ 
नर से भारी नारी है ,
एक नहीं दो दो मात्राएँ 
माओ से भारी मोबाइल है |
   #
* मुझे ज्ञात हुआ है कि काला धन उसे कहते हैं जिस पर टैक्स न चुकाया गया हो | अब समझ में आया लोग बाग़ मंदिर अँजुरी में कुछ लेकर क्यों जाते हैं ? टैक्स चुकाने | 

* मुझे जिगर मुरादाबादी का यह शेर बहुत पसंद है :-
" किधर से बर्क चमकती है देखें ऐ वाइज़ , मैं अपना जाम उठाता हूँ तू किताब उठा | "
 [बर्क = बिजली , वाइज़ = धर्मोपदेशक]
इसीलिये मैं जब तब, यहाँ वहाँ, जैसे भी हो आग ढूँढता, तलाशता, मौका पाने पर सुलगाता-जलाता और उसे भुभुच्चर की तरह फेंकता -बिखराता रहता हूँ कि न जाने किधर से बिजली चमक जाये और मुल्क रौशन हो जाये ! यह सब जो कार्यवाही आप देख रहे हैं , वह इसी के निमित्त है |    
[ भुभुच्चर = गाँव में रबी की फसल के लिए तैयार खाली खुले खेतों में शाम के समय बच्चे मिट्टी का छेदयुक्त दावात बना उसमे जलता अंगारा भरकर रस्सी के स्ट्रिंग से घुमा, चक्कर देकर आकाश में फेंकते हैं जो फिर दूर ज़मीन पर जाकर गिरता है | बच्चे आनंदित हो दौड़ते - फिरते हैं ] #

* एक कुत्ता मेरे घर बहुत परका [रूचि से लगा] हुआ है | कई बार भगाने पर जब नहीं भागा तो मैंने उससे पूछा - भाई साहब , आपकी जाति क्या है ? उसने मेरा वाल पोस्ट , लगता है , पढ़ा हुआ था | फ़ौरन बोला - ' वही आप वाली ' | #

* मर्दों पर आरोप है कि वे औरतों को परदे में रखना चाहते हैं | पता नहीं किन मर्दों के लिए है यह | मैं तो भाई चाहता हूँ कि हमारी औरत बराबर और खूब घर से बाहर निकले | गेहूँ पिसवा लाये, सौदा सुल्फ, सब्जी मछली ले आये , हाट बाज़ार कर आये | बल्कि वह चाहें जितना बाहर रहे कोई नौकरी करे , कुछ कमा - धमा भी लाये | और मैं घर पर आराम से रहूँ | # 

* राजनीति ,
जहाँ  तक ठीक है -
करते हैं ;
जहाँ से ख़राब होती है -
नहीं  करते |

* कुछ खाया क्या 
क्या खाकर लड़ोगे  
जाति वाद से ?

* नहीं पसंद ?
कह दो मैं समर्थ, 
न बाँधो राखी |

* सेवा न करो  
मैं भी नहीं करूंगा  
सेवा  तुम्हारी  |

* मैं सोचता हूँ , यदि देहाती पढ़ाई वैसे ही चल रही होती उल्टी सीधी , जैसी चल रही थी / जैसी हमने पढ़ी , तो आज अंग्रेज़ी का इतना बोलबाला न होने पाता | मेरा नाती , मेरी पोती अंग्रेज़ी मीडियम में पढ़ रहे हैं, आधुनिक [?] शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं | #
* मैं आश्चर्यचकित हूँ | कहना भी तो नहीं चाहिए , अभी लोग बिदक जायेंगे और झाँय - झाँय करने लगेंगे | लेकिन सोचने की बात है कि यदि दलित जन सचमुच जातिवाद से पीड़ित होते तो वे इस कुप्रथा  को मिटाना ज़रूर चाहते ! वे ऐसा बिल्कुल नहीं कर रहे हैं यह विषाद और आश्चर्य का विषय है | क्यों ? बेहतर वही जानें |  

सोमवार, 6 अगस्त 2012

कामदेव को नमन

* No doubt sex is a fundamental human force, impulse or otherwise . फ्रायड की माने तो माता संतान का रिश्ता भी सेक्स से govern होता है | लेकिन इससे हमें बहुत बड़ा जीवन सूत्र मिलता है | उसका नाम सेक्स दें या पेक्स वह हमारे बीच भाई बहन , दोस्त दोस्त और तमाम जाने अनजाने रिश्ते तो देता है, जोड़ता है, बनाता है ? मेरे अन्यान्य मित्र जिन्हें मैंने कभी छुआ तक नहीं होगा , हाथ तक नहीं मिलाया पर वे कुछ दिन न मिलें तो व्यग्रता होती है | अर्थात सेक्स [मानव प्रेम का सम्बन्ध] किसी स्पर्श, किसी सहवास का मोहताज नहीं | वह वैसे भी काम करता है ,मनुष्य और मनुष्य के बीच प्रेम- मैत्री और मिलन की व्याकुलता प्रदान करने की भूमिका निभाता है | और यदि वह ऐसा करता है तो वह घृणित तो नहीं हो सकता, इसे पाप कहना मानवता के प्रति अपराध है | हम क्यों न इस शक्ति के लिए अपने कामदेव को नमन करें, उनकी प्रार्थना करें ?    

रविवार, 5 अगस्त 2012

Chithi


[लघु कविता]

* यह तो चिट्ठी है
जिसका इंतज़ार करता हूँ ,
तुम्हें तो जानता हूँ
तुम नहीं आ पाओगे |